Thursday, March 9, 2017

दुख से अपना गहरा नाता

दुख से अपना गहरा नाता,
 सुख तो आता है, और जाता.
 दुख ही अपना सच्चा साथी,
 हरदम ही जो साथ निभाता.

 जब से जग में आंखें खोली,
 सुनी नहीं कभी मीठी बोली.
 दिल को तोड़ा सदा उसी ने,
 जिसको भी समझा हमजोली.

 जिम्मेदारी का बहुत सा, 
बोझ उठाया कांधे पर. 
जिसको भी दिया सहारा.
 मार चला वो ही ठोकर.

 तेरा मेरा कभी न सोचा,
 सारे जग को अपना माना.
 अपनी खुशियों से बढ़कर,
 औरों की खुशियों को जाना.

 हाय नियति! फ़िर भी तूने,
 कदम कदम पर बोये कांटे.
 उन्होंने मुझको दुख बांटा,
 जिनके दुख थे मैंने बांटे.

 किंतु दुख से नहीं डरूंगा, 
यही मेरा शाश्वत प्रण है.
 हर बाधा को दे चुनौती,
 जीतना मुझको जीवन रण है. .
                                                               --  प्रदीप बहुगुणा 'दर्पण '



Thursday, June 16, 2016

विद्यालय और बच्चे

विद्यालय और बच्चे
आज के शैक्षिक ढांचे का सबसे बड़ा विद्रूप यह है कि इतन बड़ा ताम झाम जिन बच्चों के लिए खडा किया गया है, वही बच्चे विद्यालय की ओर आकर्षित नहीं हो पा रहे हैं. तरह तरह के अभियान और योजनाएं चलाने के बावजूद भी अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं. इसके कारणों पर विचार करना आवश्यक है.
किसी भी देश की शिक्षा प्रणाली उसके भविष्य की आधारशिला होती है. विडंबना है की इस बात को सोचे विचारे बिना ऐसी नीतियां बनायी जाती हैं, जो व्यावहारिक रूप से प्रभावी नहीं होती और अगर कोई गुंजाईश होती भी है तो वे भ्रष्टाचार और निकम्मेपन की भेंत चढ़ जाती हैं.
दूसरा पहलू यह भी है की हमारे देश में सभी के लिये समान शिक्षा की व्यवस्था नही है. अमीर और गरीब की शिक्षा, हुजूर और मजूर की शिक्षा, हिंदू और मुसलमान की शिक्षा के रूप में अलग अलग कटघरे बनाकर हमने बच्चों को उनमें कैद कर दिया है.
जरा सोचिए ऐसा करके हम देश को किस दिशा में ले जा रहे हैं.
यदि इस मुद्दे पर हम समय रहते सचेत नहीं हुए तो हमारा भविष्य क्या होगा?
शिक्षा संबंधी सार्थक बहस के लिए आपका स्वागत है.
संपर्क करें-- 
प्रदीप बहुगुणा 'दर्पण' 
09997397038; 
09412937875;
www.shabdmanch.blogspot.com

Friday, May 13, 2016

एक बाल कविता- गोपी और मिठाई


आम पपीता केला लीची 
आडू हिसार और काफल 
अमरूद चुल्लू और खुबानी 
तरह तरह के खाए फल .

इतना खाकर गोपी बोला 
पेट अभी भी भरा न भाई.
टिहरी से सिंगौरी मंगा दो 
अल्मोड़ा से बालामिठाई.
                                        -दर्पण 

Saturday, November 7, 2015

रोटी 
सूरज भी लगता है फीका 
चाँद सी दिखती है रोटी।  
धन्य हो  उठता है चूल्हा ,
जब तवे पर सिकती है रोटी। । 

जिंदगी मिल जाती है जब 
भूख में मिलती है रोटी। 
पेट के उजड़े चमन में ,
फूल सी खिलती है रोटी।।

जान की कीमत पे देखो ,
दुनिया में बिकती है रोटी। 
चीन लेती ताज भी तो,
इतिहास भी लिखती है रोटी।। 

जीवन की वीणा से बजता ,
एक मधुर संगीत रोटी. 
संसार के मेहनतकशों का,
है प्रसंशा- गीत रोटी।।

धरती पर मानवता को,
 है अमूल्य भेंट रोटी।
इस जिंदगी का एकमात्र ,
है एकमात्र संकेत रोटी।।
             प्रदीप बहुगुणा 'दर्पण'



Saturday, July 27, 2013

सिर्फ तुम्हारे लिए



( हमारे विवाह की वर्षगांठ पर सिर्फ तुम्हारे लिए )
तेरे अधरों की मुस्कान,
भरती मेरे तन में प्राण.
जीवन की ऊर्जा हो तुम,
साँसों की सरगम की तान.

मैं सीप तुम मेरा मोती ,
मैं दीपक तुम मेरी ज्योति.
कभी पूर्ण न मैं हो पाता ,
संग मेरे जो तुम न होती.

किन्तु दुख है कि मैं तुमको,
कभी नहीं खुश रख पाया .
तुमने मुझसे पाया घाटा ,
मैंने केवल लाभ कमाया.

बस खुदा से यही प्रार्थना,
खुश रक्खे तुझको हरदम.
मेरे प्राणों की कीमत भी,
तेरी खुशी के लिए है कम.
(प्रदीप बहुगुणा ‘दर्पण’)   

Thursday, June 6, 2013

तेरी अहमियत

जिन्दगी  को तेरी आदत यूं हो गयी ,
कि तेरे बिना हर  पल दुश्वार हो गया .
कुछ  न रहा बाकी अब मेरे हाथ में ,
 हर सांस पर भी तेरा अधिकार हो गया .    

Friday, June 15, 2012

दो मुक्तक


         ........1......
तुम्हे जब देखते हैं हम , हमारा दिल  मचलता है .
तुम्हारे दिल में भी शायद हमारा ख्वाब पलता है.
समझते तुम भी सब कुछ हो, समझते हम भी हैं सब कुछ ,
मगर मुंह से न कुछ मेरे न तेरे से निकलता है.
                      ..... 2....
एहसासों की बस्ती में इशारे तो  बेमानी हैं .
जो बातें कह नहीं पाया वही तुमको बतानी हैं .
समझना मत इसे केवल  मेरी कोई नई कविता ,
ये दिल का दर्द है मेरे ,ये तेरी ही निशानी है .
                                 
                                                   --- दर्पण 

Saturday, May 12, 2012

सारथी

जीवन   में कुछ  पल आते हैं ,
रह  जाते जो    यादें   बनकर.
पर  कुछ  पल  ऐसे हैं  होते  ,
 संग चलते  हैं  जो जीवन  भर .

जीवन  की  भूलभुलैय्या  में ,
विस्मृत हो  जाता  हर  चेहरा .
लेकिन कुछ  चेहरों का   होता ,
प्रभाव  आकुल मन पर गहरा .

श्रद्धा की मूरत बनकर जो ,
 अंकित होते ह्रदय पटल पर .
कैसे  भूल सकूंगा उनको  ,
जो  बने  सारथी जीवन पथ  पर .    दर्पण    

Sunday, May 6, 2012

जिन्दगी इतनी सस्ती नहीं ..

जिन्दगी को  कुछ  लोग  इतना सस्ता समझ  लेते हैं कि खुदकुशी जैसा कायरतापूर्ण  कदम  उठाने  में भी गुरेज नहीं करते .   कल ही देहरादून  में एक   बी0 एस 0सी0 बायोटेक्नोलोजी  के  छात्र ने केवल  इस  कारण  मौत  को गले लगा लिया कि उसके परिवार वाले उसकी शादी उसकी प्रेमिका से करने के लिए तैयार नहीं थे . वैसे तो इस  तरह  क़ी  घटनाएं  ग़ाहे - बगाहें होती रहती  हैं , लेकिन  एक  होनहार किशोर द्वारा उठाये   गए  इस  कदम  से कई प्रश्न उठ  खड़े हुए हैं .
 ज़रा सोचिये  जिन  मां  बाप  ने   उसे  पैदा किया , पाल  पोस  कर  बड़ा किया , पढाया  लिखाया , मौत  को गले लगाते समय  उसने उनके बारे  में बिलकुल  भी नहीं   सोचा . इतना बड़ा  कदम  उठाने  से  पहले उसे  अपने भाई का भी बहनों  का भी  कोई  ख्याल  नहीं आया ,   जिनके  साथ  उसने  अपना बचपन बिताया ,  जिनके  साथ  हंस  खेलकर  वो बड़ा हुआ  . कहते  हैं प्यार अंधा होता है।  अगर प्रेमिका के प्रति आकर्षण  को ही प्यार मान  लिया  जाए , तो  शायद  प्यार की इससे संकीर्ण   और  स्वार्थपरक   परिभाषा  कहीं  और  नहीं   मिल   सकती . क्या मां  बाप , भाई  बहन  , किसी का भी प्यार उसे नजर  नहीं आया . 
दोस्तों के साथ गुजारे  हुए खुशनुमा पल , मां  के दूध  की मिठास , बाप  की  आँखों में छलकता हुआ  प्यार  का   समंदर आखिर उसे  नजर क्यों नहीं आया।  यकीन  मानिए  कुछ  ही समय  बाद उसकी प्रेमिका  तो निश्चित  रूप  से शादी करके अपना घर बसा  लेगी.  लेकिन  अपने  परिवार का  जो   नुकसान  उसने किया है, उसकी   भरपाई  कभी  नहीं  हो  सकती .
     जिन्दगी  सबसे  बड़ी  नेमत  होती  है, इसे   ख़त्म करने का निर्णय  सचमुच  बेवकूफी ही है. महज  शारीरिक आकर्षण  को प्यार  समझने की भूल  करना , और  फिर अपने पीछे  कई  लोगों को   जीवन  भर का  दंश  देकर चला  जाना . ये  न  तो प्यार  है , और न ही इसमें  बड़प्पन  की  कोई   बात  है.  प्यार  का  असली  आनंद  तो   समझदारी, त्याग  और  जिन्दगी  के  प्रति   सकारात्मक  सोच  में  है। 
                 काश  उस  बेवकूफ  ने  एक  बार  भी   ऐसा सोच  लिया  होता ???